अगले सप्ताह में जारी कर दी जाएगी चुनाव की तिथि और चुनावी शेड्यूल
नई दिल्ली(नया भारत 24 डेस्क)दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में छात्र संघ चुनाव का बिगुल बज गया है। डीयू प्रशासन ने डूसू चुनाव के लिए समिति का गठन कर दिया है। कुलपति की ओर से मुख्य चुनाव अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकार और निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है। विश्वविद्यालय के सूत्रों का कहना है कि सितंबर के आखिरी सप्ताह में चुनाव करा दिए जाएंगे।
डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों के चुनाव के संचालन के लिए संस्कृत विभाग के प्रोफेसर सत्यपाल सिंह को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। रसायन शास्त्र विभाग के प्रोफेसर राज किशोर शर्मा को मुख्य निर्वाचन अधिकारी और पुस्तकालय अध्यक्ष डा. राजेश सिंह को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कुलपति ने वर्ष 2024-25 के लिए अपने-अपने कालेजों और संस्थानों में डूसू की केंद्रीय परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों के चुनाव के संचालन के लिए प्राचार्यों और संस्थानों के प्रमुखों को चुनाव अधिकारी भी नियुक्त किया है। डीयू के एक अधिकारी ने कहा कि सितंबर के आखिरी सप्ताह में डूसू चुनाव होंगे। पांच सितंबर तक चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।
चुनाव समिति की घोषणा के साथ ही छात्र संगठनों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हर कालेज में छात्रों से जुड़ने की तैयारी की जा रही है। नए प्रवेश लेने वाले छात्रों की सहायता के लिए छात्र संगठनों ने हर कालेज में हेल्प डेस्क स्थापित की हैं। व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाकर छात्र संगठन छात्रों को अपने पक्ष में कर रहे हैं। कोविड -2019 के चलते डूसू चुनाव तीन साल से अटके था। पिछले साल डूसू चुनाव कराए गए थे। इसमें अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के तुषार डेढ़ा चुने गए थे। उपाध्यक्ष पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) के अभि दहिया, सचिव पद पर एबीवीपी की अपराजिता और संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के सचिन बैसला जीतकर आए थे। डीयू में 29 अगस्त से स्नातक का शैक्षणिक सत्र भी शुरू हो चुका है। डीयू की प्राक्टर प्रो. रजनी अब्बी ने कहा है कि छात्र संघ चुनाव सत्र शुरू होने के छह हफ्ते के भीतर कराने होते हैं।